RANCHI
ऑल इंडिया पोस्टल/आरएमएस पेंशनर्स एसोसिएशन, झारखंड की बैठक शुक्रवार को रांची जीपीओ परिसर में के.डी. राय व्यथित की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार द्वारा किए गए वैलिडेशन संशोधन पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि इस संशोधन के कारण 31 दिसंबर 2025 तक सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों और वर्तमान पेंशनर्स को आठवें वेतन आयोग के संभावित लाभों से वंचित किया जा सकता है, जिससे देशभर के लाखों पेंशनभोगियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
बैठक में कहा गया कि इस संशोधन के विरोध में केंद्रीय पेंशनर्स संगठनों एवं फोरम ऑफ सिविल पेंशनर्स एसोसिएशन्स द्वारा मार्च 2025 से लगातार आंदोलन चलाया जा रहा है। सदस्यों ने इसे पेंशनर्स हितों के खिलाफ कदम बताते हुए सरकार से तत्काल पुनर्विचार की मांग की।
सभा में रांची स्थित सीजीएचएस केंद्रों में व्याप्त समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने दवाओं की अनुपलब्धता, इंडेंटेड दवाओं की विलंबित आपूर्ति, लोकल एडवाइजरी कमेटी के गठन में देरी तथा तीन वर्षों से अधिक समय से जोनल एवं लोकल एडवाइजरी कमेटी की बैठक नहीं होने पर नाराजगी जताई। साथ ही मांग की गई कि रांची के अन्य सीजीएचएस वेलनेस सेंटरों में भी आयुर्वेद चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। बताया गया कि स्वास्थ्य मंत्रालय ने सात वर्ष पूर्व इसके लिए स्वीकृति और चिकित्सक पद का सृजन किया था, लेकिन अब तक इसे धरातल पर लागू नहीं किया गया।
बैठक के दौरान पेंशनर्स एसोसिएशन एवं रोहिणी डेंटल क्लिनिक के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर में एक दर्जन से अधिक पेंशनर्स ने डॉ. ऋचा सिंह से स्वास्थ्य परामर्श प्राप्त किया।
सभा को जी.एन. शर्मा, त्रिवेणी ठाकुर, मो. शमीम अख्तर, रंगनाथ पांडेय, जयनारायण प्रसाद, शशि भूषण पांडेय, एस.एस. पाठक, एस.पी. मंडल, जी.डी. साहू, एम.जेड. खान, के.डी. राय व्यथित और गणेश चंद्र डे समेत कई वक्ताओं ने संबोधित किया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सीजीएचएस में व्याप्त अव्यवस्थाओं, दवा संकट और लंबित आपूर्ति के विरोध में 7 जुलाई को सुबह 11 बजे से एक दिवसीय धरना आयोजित किया जाएगा। इसमें पोस्टल, आयकर, केंद्रीय भूजल बोर्ड, कमर्शियल ऑडिट, एजी कार्यालय सहित विभिन्न विभागों के सीजीएचएस लाभार्थी बड़ी संख्या में भाग लेंगे। इसके अलावा संगठन की टीम जुलाई के दूसरे सप्ताह से देवघर, दुमका, गुमला और साहेबगंज का सांगठनिक दौरा भी करेगी।
बैठक में त्रिलोकी नाथ साहू, सुखदेव राम, मो. रफी, राजेंद्र महतो, देवचरण साहू, सैयद अख्तर शाह, रमेश सिंह, जयराम प्रसाद, डी.एन. साहू, सत्येंद्र प्रसाद सिंह, परीक्षित सेठ, शेख शमीम अंसारी, नंद कुमार पांडेय, अवधेश पाठक, रमेश दुबे सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स उपस्थित रहे।
