RANCHI
झारखंड में सड़क सुरक्षा, आधुनिक ड्राइविंग प्रशिक्षण और युवाओं के कौशल विकास को नई दिशा देने की पहल शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में मंगलवार को रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन में परिवहन विभाग, झारखंड सरकार और टाटा मोटर्स के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके तहत जमशेदपुर में अत्याधुनिक इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च (IDTR) की स्थापना की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि यह संस्थान छोटे और बड़े सभी तरह के वाहन चालकों के लिए आधुनिक प्रशिक्षण का बेहतर केंद्र बनेगा। यहां सिम्युलेटर जैसी अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा, ठीक उसी तरह जैसे पायलटों को विमान उड़ाने से पहले सिम्युलेटर पर ट्रेनिंग दी जाती है। उन्होंने इसे राज्य के लिए दूरगामी और सराहनीय पहल बताते हुए सभी संबंधित पक्षों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य में सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में अभी काफी काम किया जाना बाकी है। इसलिए इस परियोजना की रफ्तार धीमी नहीं पड़नी चाहिए। उन्होंने परिवहन विभाग को निर्देश दिया कि प्रशिक्षण और अन्य सुविधाओं के विस्तार में तेजी लाई जाए ताकि लोगों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्हें ड्राइविंग लाइसेंस बनने में हो रही देरी की शिकायतें मिल रही थीं। इसी को देखते हुए उन्होंने लंबित आवेदनों का जल्द निपटारा करने का निर्देश दिया था। उन्होंने संतोष जताया कि विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लंबित मामलों का निष्पादन किया गया है और लोगों को लाइसेंस उपलब्ध कराए गए हैं।
उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग भले ही छोटा दिखाई देता हो, लेकिन उसका दायरा और जिम्मेदारी काफी बड़ी है। सरकार का उद्देश्य आम लोगों को बेहतर और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है। आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े ऐसे कई कदम उठाए जाएंगे, जिससे राज्य के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
