RANCHI
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपना इन्यूमरेशन फॉर्म 29 जुलाई तक हर हाल में जमा कर दें। आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन मतदाताओं के भरे हुए और हस्ताक्षरित फॉर्म निर्धारित समय तक प्राप्त नहीं होंगे, उनका नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जा सकेगा।
निर्वाचन आयोग के अनुसार वर्ष 2026 की मतदाता सूची में कुल 2,64,63,236 मतदाता दर्ज हैं। इनमें से 31 विधानसभा क्षेत्रों में इन्यूमरेशन फॉर्म का डिजिटाइजेशन कार्य 100 प्रतिशत पूरा हो चुका है, जबकि शेष 50 विधानसभा क्षेत्रों में यह कार्य 97 से 99 प्रतिशत तक पूरा हो गया है।
आयोग ने बताया कि कुल 2,64,61,801 (99.99%) मतदाताओं तक इन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाए गए। अब तक 2,20,20,994 भरे हुए एवं हस्ताक्षरित फॉर्म प्राप्त होकर डिजिटाइज किए जा चुके हैं। इन मतदाताओं के नाम 5 अगस्त को जारी होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।
वहीं, 43,55,463 इन्यूमरेशन फॉर्म अब तक वापस प्राप्त नहीं हुए हैं। इनमें 7,61,755 मृत मतदाता, 14,59,029 अनुपस्थित या पता नहीं चलने वाले मतदाता, 15,87,496 स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाता, 4,34,541 ऐसे मतदाता जिनका नाम पहले से अन्य स्थान पर दर्ज है, तथा 1,12,642 ऐसे मतदाता शामिल हैं जिन्होंने फॉर्म पर हस्ताक्षर करने से इनकार किया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार अब तक कुल 2,63,76,457 (99.67%) इन्यूमरेशन फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरा किया जा चुका है। आयोग ने शेष मतदाताओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि से पहले अपना फॉर्म जमा कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
