KOLKATA/RANCHI
झारखंड में महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। Jharkhand State Livelihood Promotion Society और IIM Calcutta Innovation Park के बीच हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के तहत अब सखी मंडल से जुड़ी महिलाओं को उद्यमिता और व्यवसाय प्रबंधन की बारीकियां सिखाई जाएंगी। यह समझौता तीन वर्षों की अवधि के लिए लागू रहेगा।
पहले चरण में 500 महिला उद्यमियों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण
इस योजना के पहले चरण में लगभग 50 हजार ग्रामीण महिला उद्यमियों की पहचान की जाएगी। इनमें से चयनित 500 महिलाओं को बिजनेस स्ट्रेटेजी, बाजार विश्लेषण और उद्यम प्रबंधन के क्षेत्र में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही उन्हें यह भी सिखाया जाएगा कि किस तरह अपने कारोबार को बढ़ाकर करोड़ों के टर्नओवर तक पहुंचाया जा सकता है।
इनक्यूबेशन और तकनीकी सहयोग से मिलेगा मजबूती
IIMCIP कोलकाता इस पहल में इनक्यूबेटर की भूमिका निभाएगा, जिससे महिलाओं को आधुनिक तकनीक और बाजार की मांग के अनुरूप अपने व्यवसाय को विकसित करने में मदद मिलेगी। योजना के तहत 150 चयनित महिला उद्यमियों को इनक्यूबेशन तकनीक के माध्यम से सालाना एक करोड़ रुपये के टर्नओवर वाले उद्यम स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।
स्थायी इनक्यूबेशन इकोसिस्टम और वित्तीय सहायता का प्रावधान
योजना की अवधि समाप्त होने के बाद भी महिलाओं को निरंतर सहयोग मिलता रहे, इसके लिए राज्य के प्रत्येक प्रमंडल में स्थानीय इनक्यूबेटर विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा उद्यमी महिलाओं के लिए इक्विटी फंड, चैलेंज फंड और सॉफ्ट लोन के रूप में 5 करोड़ रुपये की राशि का प्रावधान किया गया है। इस MoU पर JSLPS के COO Vishnu Parida और IIMCIP कोलकाता के CEO Dr. Vivek Kumar Roy ने हस्ताक्षर किए, जबकि इस मौके पर कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
