RANCHI
झारखंड में फिल्म और टेलीविजन के क्षेत्र में नई संभावनाओं का रास्ता खुलने जा रहा है। 22 जुलाई, मंगलवार को फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ झारखंड की स्थापना के लिए झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (JFDCL) और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SRFTI) के बीच MOU होगा।
इस समझौते के बाद झारखंड में फिल्म निर्माण, निर्देशन, अभिनय और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े युवाओं और कलाकारों को प्रशिक्षण और सीखने के नए अवसर मिल सकेंगे। राज्य के कलाकारों को सिनेमा की बारीकियां सीखने और अपनी प्रतिभा को बेहतर मंच देने में भी मदद मिलेगी।
फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट की स्थापना के फैसले का स्वागत करते हुए रांची के अभिनेता राजेश जैश ने कहा कि झारखंड में फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट की शुरुआत हो रही है। उन्होंने कहा कि जिस कमी के कारण कभी सपनों को पूरा करने के लिए झारखंड छोड़कर मुंबई जाना पड़ा था, आज वह कमी हमेशा के लिए दूर होने जा रही है।
उन्होंने कहा कि झारखंड के कलाकारों और सिनेमा से जुड़े लोगों के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है। संस्थान की स्थापना से राज्य में फिल्म निर्माण का माहौल और मजबूत होगा और यहां के कलाकारों को अपने ही राज्य में प्रशिक्षण और बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
