RANCHI
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड के पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री अपनी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ झारखंड विधानसभा पहुंचे और दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस कठिन समय में संबल देने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मन्नान मल्लिक लंबे समय तक जनसेवा और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे। उन्होंने विशेष रूप से धनबाद समेत पूरे झारखंड की जनता की आवाज को मजबूती से उठाया। उनके निधन से राज्य ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि और समाज से जुड़े नेता को खो दिया है। मुख्यमंत्री ने इसे राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताया और कहा कि उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री और विधायक कल्पना सोरेन ने मन्नान मल्लिक के परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें ढांढस बंधाया। उल्लेखनीय है कि मन्नान मल्लिक पिछले कुछ समय से बीमार थे और मंगलवार सुबह रांची के एक निजी अस्पताल में उनका निधन हो गया।
