RANCHI
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने जानकारी दी कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सीडब्ल्यूसी के स्थायी आमंत्रित सदस्य एवं झारखंड प्रभारी के. राजू 2 जुलाई से 6 जुलाई 2026 तक राज्य के व्यापक संगठनात्मक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न जिलों में पार्टी की गतिविधियों की समीक्षा कर संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करेंगे।
5 जुलाई को होगी अहम समीक्षा बैठक
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में 5 जुलाई को एसआईआर समिति के सदस्यों, प्रदेश पदाधिकारियों, जिला प्रभारियों, जिला अध्यक्षों तथा विभिन्न मोर्चा एवं विभागों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर की सक्रियता और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की जाएगी।
कई जिलों का करेंगे दौरा
अपने प्रवास के दौरान के. राजू रांची, लातेहार, पलामू, रामगढ़ और हजारीबाग जिलों का दौरा करेंगे। वे पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर के कांग्रेस पदाधिकारियों, जीपीसीसी सदस्यों तथा जिला कांग्रेस कमेटियों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे और कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करेंगे।
गांवों में जनता और कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद
दौरे के क्रम में के. राजू विभिन्न गांवों का भ्रमण भी करेंगे। इस दौरान वे स्थानीय कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से मुलाकात कर उनकी राय जानेंगे तथा कांग्रेस के आगामी कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों को लेकर सुझाव प्राप्त करेंगे। पार्टी नेतृत्व का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त और सक्रिय बनाना है।
