RANCHI
रांची पुलिस को वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। बरियातू थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो विधि-विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक (नगर), रांची के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (सदर) के नेतृत्व में मोटरसाइकिल चोरी एवं अन्य चोरी की घटनाओं के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 5 जून 2026 को गश्ती दल ने रिम्स इमरजेंसी वार्ड के पास दो विधि-विरुद्ध किशोरों को पकड़ा। उनके पास से रिम्स इमरजेंसी वार्ड से चोरी किए गए दो मोबाइल फोन और एक बैग बरामद किया गया।
पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने हजारीबाग चौक-बरियातू रोड स्थित एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान तीन युवकों को एक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर दो अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया। इसके बाद पुलिस ने कुल पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित कुमार सिंह, बृजचन कुमार सिंह, अंकित कुमार सिंह, सूरज कुमार महतो और समीर मुंडा के रूप में हुई है। सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार पांचों आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं।
बरामद वाहनों में हीरो स्प्लेंडर, दो हीरो ग्लैमर, एक बजाज पल्सर और एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल शामिल हैं। इसके अलावा पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है। इस कार्रवाई को वाहन चोरी के खिलाफ रांची पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
