घरेलू विवाद से परेशान युवक 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा, पर्चियां फेंक बयां किया दर्द

BALLIA

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में पारिवारिक विवाद से परेशान एक युवक ने बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मचा दिया, जब वह आत्महत्या की मंशा से करीब 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर पहुंचकर उसने अपने परिवार और पत्नी के खिलाफ आरोपों से जुड़ा वीडियो बनाया और नीचे मौजूद लोगों के बीच पर्चियां फेंककर अपना पक्ष रखने की कोशिश की।

मामला बांसडीह थाना क्षेत्र का है। युवक की पहचान 29 वर्षीय धनजी वर्मा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि उसने टावर से जो पर्चियां फेंकीं, उनमें परिवार के सदस्यों की तस्वीरें छपी थीं और उन पर ‘परिवार के बड़े बेटे का दर्द’ शीर्षक लिखा गया था। युवक ने आरोप लगाया कि उसकी शिकायतों पर पुलिस ने पहले गंभीरता से ध्यान नहीं दिया।

धनजी का कहना है कि उसने गुजरात में काम करके वर्षों की मेहनत से 30 से 35 लाख रुपये कमाए और परिवार को सौंप दिए, लेकिन बदले में उसे उपेक्षा और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा। उसने यह भी आरोप लगाया कि विवाह के कुछ महीनों बाद उसकी पत्नी मायके चली गई और तब से दोनों अलग-अलग रह रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, धनजी गुजरात में स्टील बॉल निर्माण और सप्लाई का कारोबार करता था। वर्ष 2023 में उसकी शादी सविता देवी से हुई थी, लेकिन कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया। युवक का आरोप है कि जब उसने अपने इलाके में रहकर काम करने का फैसला किया तो परिवार ने उसकी जमा पूंजी वापस नहीं की।

बुधवार सुबह करीब साढ़े छह बजे युवक के मोबाइल टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। काफी देर तक समझाने-बुझाने और मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। पुलिस ने युवक की लिखित शिकायत के आधार पर उसके माता-पिता और दो भाइयों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *