झारखंड SIR: 63 लाख वोटरों को आयोग भेजेगा नोटिस, क्या है वजह



RANCHI

झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची के सत्यापन की प्रक्रिया तेज हो गई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा गुरुवार को जारी SIR बुलेटिन के अनुसार, विभिन्न श्रेणियों के कुल 63,24,116 मतदाताओं को सत्यापन के लिए नोटिस भेजे जाएंगे। निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ERO) स्तर पर इन मामलों की जांच और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

जारी बुलेटिन के मुताबिक, वर्तमान मतदाता सूची के ड्राफ्ट प्रकाशन में राज्य के कुल 2,21,01,249 मतदाता शामिल हैं। इनमें 14,03,205 नो मैपिंग वाले मतदाताओं, 3,65,684 जनांकिकीय सम-प्रविष्टि (DSE) वाले मतदाताओं तथा 45,55,227 तार्किक विसंगति (Logical Discrepancy) वाले मतदाताओं को नोटिस जारी कर उनके विवरण का सत्यापन किया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने बताया कि मतदाताओं द्वारा जमा किए गए इन्यूमरेशन फॉर्म की जांच भी जारी है। जांच के दौरान यदि किसी मतदाता की पात्रता को लेकर संदेह उत्पन्न होता है, तो संबंधित मतदाता को भी नोटिस जारी किया जा सकता है। इसके अलावा फॉर्म-6, फॉर्म-6A, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के तहत प्राप्त आवेदनों पर भी नियमानुसार सत्यापन और नोटिस की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि पात्र मतदाताओं का सही विवरण अंतिम सूची में शामिल किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *