गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र में अवैध बालू उठाव रोकने गई पुलिस टीम पर गुरुवार देर रात हमला कर दिया गया। घटना पसई गांव के नदी घाट की है, जहां बालू माफियाओं ने अचानक पुलिस टीम को घेर लिया। इस हमले में एक एएसआई समेत तीन जवान घायल हो गए, जिससे इलाके में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जांच के दौरान बढ़ा विवाद, मारपीट तक पहुंची बात
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम को रात करीब 11 बजे सूचना मिली थी कि पसई गांव के घाट से अवैध बालू का उठाव किया जा रहा है। सत्यापन के लिए पहुंची टीम ने दो ट्रैक्टरों को रोका और कागजात की मांग की, लेकिन चालक वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके।
इसी दौरान स्थानीय निवासी गोपाल खडोगी उर्फ लड्डू अपने 15-20 साथियों के साथ मौके पर पहुंच गया। पुलिस द्वारा जब्ती की कार्रवाई और वीडियोग्राफी शुरू होते ही आरोपियों ने विरोध शुरू कर दिया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
ASI पर जानलेवा हमला, ट्रैक्टर लेकर फरार
धक्का-मुक्की के बीच आरोपियों ने पुलिस का मोबाइल छीनने की कोशिश की और ट्रैक्टर जब्त करने से रोक दिया। इसी दौरान गोपाल खडोगी उर्फ लड्डू ने एएसआई कृष्णा प्रसाद मंडल पर जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे जवानों को भी चोटें आईं।
घटना के दौरान अपराधी पुलिस अभिरक्षा से एक ट्रैक्टर छीनकर फरार हो गए, जबकि पुलिस ने एक अन्य ट्रैक्टर और एक बाइक जब्त कर ली। जब्त वाहनों के नंबर और चेचिस विवरण भी संदिग्ध पाए गए हैं।
मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में चार नामजद और 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ कांड संख्या 52/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर अवैध बालू कारोबार और उससे जुड़े गिरोहों की दबंगई को उजागर कर दिया है, जिससे पुलिस की कार्रवाई को खुली चुनौती मिलती दिख रही है।
