RIMS शासी परिषद की बैठक में बड़े फैसले, 500 बेड की नई IPD-OPD बिल्डिंग बनेगी, 10 रुपये में होगा इलाज

 

 

 

 

RANCHI


राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स (RIMS) में शासी परिषद की 64वीं बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने की, जबकि कांके विधायक सुरेश बैठा भी बैठक में उपस्थित रहे। इस दौरान लगभग 15 नए एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डीआईजी ग्राउंड परिसर में 500 बेड की नई आईपीडी-ओपीडी बिल्डिंग निर्माण के प्रस्ताव को मंज़ूरी दी गई। इसके साथ ही रिम्स में मरीजों के पंजीकरण शुल्क को मौजूदा 5 रुपये से बढ़ाकर 10 रुपये करने पर सहमति बनी। उल्लेखनीय है कि पहले इसे 20 रुपये करने का प्रस्ताव था, लेकिन अंतिम निर्णय 10 रुपये पर लिया गया।

इसके अलावा बैठक में 62वीं और 63वीं शासी परिषद बैठकों में लिए गए फैसलों की प्रगति रिपोर्ट की भी समीक्षा की गई। रीजनल ऑप्थल्मिक इंस्टीट्यूट में कर्मचारियों की बहाली के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि फिलहाल नगर निकाय चुनाव को लेकर आचार संहिता लागू है, इसलिए इन निर्णयों को तुरंत लागू नहीं किया जा सकता। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी प्रस्तावों पर अमल किया जाएगा। इससे रिम्स में बेड की संख्या बढ़ेगी और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *