पोस्टकार्ड अभियान रंग लाया, केंद्र ने दी हरी झंडी; BSL विस्तारीकरण का मार्ग प्रशस्त

BOKARO

बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के विस्तारीकरण का रास्ता साफ़ होने पर बोकारो वेलफेयर सिविल सोसाइटी के तत्वावधान में लंबे समय से अभियान चला रहे कुमार अमित ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताया है। इस उपलब्धि पर सेक्टर-2 अम्बे गार्डन में नागरिक अभिनंदन समारोह सह प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।

50 हजार पोस्टकार्ड से मिली कामयाबी

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कुमार अमित ने बताया कि पिछले सात महीनों से चल रहे अभियान के तहत समाज के हर वर्ग के करीब 50 हजार लोगों ने प्रधानमंत्री को पोस्टकार्ड लिखे, जिनमें बीएसएल विस्तारीकरण और बीजीएच को सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल बनाने की मांग की गई थी।
इसके अलावा केंद्रीय मंत्रियों, राज्यपाल, सांसदों, पूर्व मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर भी स्थगित विस्तारीकरण को शुरू करने की मांग रखी गई।

कई नेताओं और संगठनों का मिला समर्थन

इस अभियान को नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित कई सांसदों का समर्थन मिला। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और सांसद ढुल्लू महतो ने केंद्रीय इस्पात मंत्री से मुलाकात कर इस मुद्दे को मजबूती से उठाया, जिसके परिणामस्वरूप विस्तारीकरण से स्थगन हटाया गया।

कुमार अमित ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल संतोष गंगवार, केंद्रीय इस्पात मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी और भूपति राजू श्रीनिवास वर्मा सहित सभी सहयोगी नेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों, बीएसएल प्रबंधन, मीडिया और बोकारोवासियों का आभार जताया।

अब एयरपोर्ट और इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के लिए अभियान

कुमार अमित ने ऐलान किया कि बोकारो वेलफेयर सिविल सोसाइटी के बैनर तले अब बोकारो एयरपोर्ट और प्रस्तावित इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के लिए भी पोस्टकार्ड अभियान चलाया जाएगा। साथ ही बीजीएच को सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल बनाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

विस्तारीकरण से विकास और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि बीएसएल विस्तारीकरण से बोकारो में हजारों करोड़ का निवेश आएगा, तेज़ी से औद्योगिक विकास होगा और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। मजदूरों की छंटनी पर भी लगाम लगेगी और विस्थापित परिवारों को रोजगार मिलने की उम्मीद बढ़ेगी।

कार्यक्रम का संचालन अतुल कुमार सिंह ने किया। समारोह में सामाजिक संगठनों, ट्रेड यूनियनों, विस्थापित प्रतिनिधियों, उद्यमियों, महिला और युवा नेताओं सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *