RANCHI
चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव, मगहिया टोला में हुई घटना के बाद झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग ने शांति, निष्पक्ष जांच और कानून के राज की आवश्यकता पर जोर दिया है। विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मंजूर अंसारी ने प्रतिनिधिमंडल के साथ घटनास्थल का दौरा कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और पूरे मामले की जानकारी ली।
मंगलवार को हुए इस दौरे में मंजूर अंसारी के साथ महानगर अध्यक्ष हुसैन खान, महासचिव अरशदुल कादरी और तौकीर अख्तर भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय लोगों की समस्याओं और मांगों को सुना तथा प्रशासन और संबंधित डीएसपी से बातचीत कर उचित कार्रवाई का आग्रह किया। साथ ही लोगों से शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।
गौरतलब है कि सोमवार शाम एक नाबालिग लड़की के लापता होने के बाद मंगलवार को उसके लौटने पर उसने 25 वर्षीय मोहम्मद इमरोज पर अपहरण और दुष्कर्म का आरोप लगाया था। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने आरोपी के घर पर हमला कर दिया, जिसमें गंभीर रूप से घायल इमरोज की इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में कानून को हाथ में लेना उचित नहीं है। दोषी को न्यायालय के माध्यम से ही सजा मिलनी चाहिए। विभाग ने पीड़िता को शीघ्र न्याय और सुरक्षा उपलब्ध कराने के साथ पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग ने प्रशासन से क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की। साथ ही पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए निष्पक्ष जांच जारी रखने की उम्मीद भी जताई।
