सूबे में फायर सेफ्टी को नई ताकत, CM हेमंत सोरेन ने 58 अत्याधुनिक अग्निशमन वाहनों को दिखाई हरी झंडी



RANCHI

झारखंड की अग्निशमन एवं फायर सेफ्टी व्यवस्था को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में गुरुवार को बड़ा कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने धुर्वा स्थित केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान, गृह रक्षा वाहिनी परिसर में “Mini Water Tender with Mist Technology” से लैस 58 आधुनिक अग्निशमन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये वाहन राज्य के शहरी, ग्रामीण और दूर-दराज के इलाकों में आग लगने की घटनाओं पर तेज और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड अग्निशमन सेवा के बेड़े में इन आधुनिक वाहनों का शामिल होना राज्य की आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि आग की घटनाओं में हर सेकंड कीमती होता है और समय पर पहुंचने वाली अग्निशमन टीम कई बार लोगों की जान और करोड़ों की संपत्ति बचा सकती है।

आधुनिक फायर सेफ्टी सिस्टम समय की जरूरत

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में आधुनिक फायर सेफ्टी सिस्टम बेहद जरूरी हो गया है। राज्य सरकार लगातार फायर सर्विसेज को नई तकनीक और आधुनिक संसाधनों से लैस करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि शहरों की संकरी गलियों, घनी आबादी वाले इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी फायर ब्रिगेड गाड़ियों के पहुंचने में कठिनाई होती है। ऐसे स्थानों पर ये छोटे और आधुनिक मिनी वाटर टेंडर तेजी से पहुंचकर आग पर नियंत्रण पाने में मदद करेंगे।

दूर-दराज और संकरी बस्तियों तक पहुंचेगी सेवा

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई मिस्ट टेक्नोलॉजी वाले वाहन उन क्षेत्रों में भी पहुंच सकेंगे, जहां पहले फायर ब्रिगेड की बड़ी गाड़ियां नहीं पहुंच पाती थीं। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर विस्फोट, शॉर्ट सर्किट और अन्य कारणों से होने वाली आग की घटनाओं में यह तकनीक कम पानी में अधिक प्रभावी ढंग से आग बुझाने में मददगार साबित होगी। इससे राज्य की फर्स्ट रिस्पांस क्षमता भी मजबूत होगी।

सिर्फ आग नहीं बुझाते, लोगों की जान भी बचाते हैं जवान

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि अग्निशमन विभाग के जवान केवल आग बुझाने का काम नहीं करते, बल्कि अपनी जान जोखिम में डालकर आग में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालते हैं। उन्होंने कहा कि यह बेहद चुनौतीपूर्ण और साहसिक जिम्मेदारी है। राज्य सरकार लगातार अग्निशमन कर्मियों को आधुनिक उपकरण और नई तकनीक उपलब्ध करा रही है ताकि वे और अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी तरीके से अपनी जिम्मेदारी निभा सकें।

उन्होंने झारखंड अग्निशमन सेवा के सभी अधिकारियों और जवानों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि नागरिकों के जीवन और संपत्ति की रक्षा के लिए उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

नागरिकों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम

मुख्यमंत्री ने कहा कि 58 नए अग्निशमन वाहनों का लोकार्पण केवल वाहनों की संख्या बढ़ाना नहीं है, बल्कि यह राज्य सरकार की नागरिकों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने सभी लोगों से सुरक्षित और आपदा-प्रतिरोधी झारखंड के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम में विधायक कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, डीजी फायर सर्विसेज एम.एस. भाटिया, डीजीपी तदाशा मिश्रा सहित पुलिस एवं प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *