झारखंड में निवेश और ग्लोबल साझेदारी पर फोकस, CM हेमंत सोरेन से IFS अधिकारियों की मुलाकात

RANCHI

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सोमवार को झारखंड मंत्रालय में भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के 2010 बैच के अधिकारियों मोहम्मद शाहिद आलम और सुशील प्रसाद ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान राज्य के विकास, निवेश की संभावनाओं और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत बनाने समेत विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री और आईएफएस अधिकारियों के बीच झारखंड सरकार की प्रमुख विकास योजनाओं, आर्थिक प्रगति तथा निवेश आकर्षित करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विकास लक्ष्यों को गति देने के लिए अंतरराष्ट्रीय साझेदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने प्रवासन एवं गतिशीलता (Migration and Mobility) साझेदारी, वन्यजीव पर्यटन, कौशल विकास, शिक्षा क्षेत्र में सहयोग और भारतीय प्रवासी समुदाय की भागीदारी जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया।

विकास यात्रा और प्रशासनिक अनुभवों पर भी चर्चा

बैठक में झारखंड की शासन व्यवस्था, विकास यात्रा और भविष्य की संभावनाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने राज्य के समग्र विकास में वैश्विक सहयोग और अनुभवों के आदान-प्रदान को उपयोगी बताया।

मिड-करियर प्रशिक्षण के तहत झारखंड दौरे पर अधिकारी

उल्लेखनीय है कि आईएफएस अधिकारी मोहम्मद शाहिद आलम वर्तमान में लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग में कार्यरत हैं, जबकि सुशील प्रसाद नैरोबी स्थित भारतीय उच्चायोग में पदस्थापित हैं। दोनों अधिकारी इन दिनों मिड-करियर ट्रेनिंग प्रोग्राम (Mid-Career Training Programme) के तहत झारखंड प्रवास पर हैं। इस दौरान वे राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था और विकास मॉडल का अध्ययन कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *