RANCHI: रोजगार मेले में युवाओं को मिली बड़ी सौगात, 158 को मौके पर नौकरी; 333 अगले दौर के लिए चयनित

RANCHI

श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की ओर से आयोजित रोजगार मेले में युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिले। मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 22 प्रतिष्ठित कंपनियों और संस्थानों ने भाग लिया तथा बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने रोजगार पाने के लिए साक्षात्कार दिया।

रोजगार मेले में शशांका एग्रो टेक प्राइवेट लिमिटेड, राज हॉस्पिटल, बाबूलाल प्रेमसंस ग्रुप, ऑटोबाइक्स, महालक्ष्मी फाइबर्स एंड इंडस्ट्रीज, रांची पेशन्ट केयर, वर्शन सिक्योरिटी सर्विस, बंधन बैंक, प्रेमसंस मोटर्स उद्योग प्राइवेट लिमिटेड और उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक सहित कई प्रमुख नियोजकों ने हिस्सा लिया। विभिन्न कंपनियों ने अपनी जरूरतों के अनुसार योग्य उम्मीदवारों का चयन किया।

मेले में 500 से अधिक युवाओं ने भाग लेकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाया। साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया के बाद 158 अभ्यर्थियों को मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किए गए। वहीं 333 अभ्यर्थियों को अगले चरण की चयन प्रक्रिया के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। इन अभ्यर्थियों का अंतिम चयन आगामी साक्षात्कार और मूल्यांकन प्रक्रिया के आधार पर किया जाएगा।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि ऐसे रोजगार मेलों का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सीधे नियोजकों से जोड़ना और उन्हें रोजगार उपलब्ध कराना है। इससे बेरोजगार युवाओं को अपने कौशल के अनुरूप नौकरी पाने का अवसर मिलता है, वहीं उद्योगों को भी योग्य मानव संसाधन उपलब्ध हो पाता है।

अधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में समय-समय पर रोजगार मेले, भर्ती शिविर और कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार मिल सके।

विभाग ने युवाओं से झारखंड नियोजन पोर्टल Jharniyojan पर पंजीकरण कराने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार विभिन्न कंपनियां और संस्थान समय-समय पर पोर्टल पर रिक्तियां प्रकाशित करते हैं, जिनके लिए इच्छुक उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *