Ranchi/Tokyo
झारखंड के खूंटी जिले के युवा हॉकी खिलाड़ी आशीष तानी पूर्ति ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। आशीष की दमदार हैट्रिक की बदौलत भारतीय पुरुष अंडर-18 हॉकी टीम ने मेज़बान जापान को 4-1 से हराकर U-18 एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। इस शानदार जीत के साथ भारत ने एशियाई हॉकी में अपना दबदबा एक बार फिर साबित किया।
फाइनल मुकाबले में आशीष तानी पूर्ति ने दूसरे, 28वें और 34वें मिनट में गोल दागकर जापानी टीम की उम्मीदों को लगभग समाप्त कर दिया। भारतीय टीम के कप्तान केतन कुशवाहा ने 30वें मिनट में एक और गोल कर भारत की बढ़त को और मजबूत बनाया। जापान की ओर से नुमादा गाकू ने 52वें मिनट में एकमात्र गोल किया, लेकिन तब तक मैच भारत की पकड़ में पूरी तरह आ चुका था।
90 सेकेंड में पहला गोल, भारत ने शुरू से बनाई बढ़त
मुकाबले की शुरुआत से ही भारतीय टीम आक्रामक अंदाज में नजर आई। मैच के शुरुआती 90 सेकेंड के भीतर भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला और आशीष तानी पूर्ति ने उसे शानदार तरीके से गोल में बदलकर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। शुरुआती बढ़त ने भारतीय खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा दिया और टीम ने पूरे मैच में जापान पर दबाव बनाए रखा।
पहले क्वार्टर में जापान ने कई बार भारतीय सर्कल में प्रवेश कर बराबरी की कोशिश की, लेकिन भारतीय रक्षा पंक्ति ने कोई मौका नहीं दिया। पहला क्वार्टर भारत की 1-0 की बढ़त के साथ समाप्त हुआ।
दूसरे क्वार्टर में भारत ने मैच पर बनाई मजबूत पकड़
दूसरे क्वार्टर में जापान ने लगातार दबाव बनाया और उसे मैच का पहला पेनल्टी कॉर्नर भी मिला, लेकिन भारतीय गोलकीपर और डिफेंस ने शानदार खेल दिखाते हुए उसे नाकाम कर दिया।
इसके बाद 28वें मिनट में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला। एक बार फिर आशीष तानी पूर्ति ने जोरदार शॉट लगाकर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया और स्कोर 2-0 कर दिया। इसके दो मिनट बाद प्रहलाद राजभर के बेहतरीन पास पर कप्तान केतन कुशवाहा ने गोल दागकर भारत को 3-0 की मजबूत बढ़त दिला दी।
आशीष ने पूरी की हैट्रिक, जापान की उम्मीदें टूटीं
तीसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम का दबदबा जारी रहा। वरिंदर सिंह की शानदार दौड़ से मिले पेनल्टी कॉर्नर पर आशीष तानी पूर्ति ने 34वें मिनट में अपना तीसरा गोल कर हैट्रिक पूरी कर ली। इसके साथ ही भारत ने 4-0 की बढ़त हासिल कर ली।
अंतिम क्वार्टर में जापान ने वापसी की कोशिश की और 52वें मिनट में नुमादा गाकू ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर स्कोर 4-1 कर दिया। हालांकि यह गोल केवल सांत्वना भर साबित हुआ। अंतिम क्षणों में जापान को तीन और पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उन्हें सफल नहीं होने दिया और भारत ने शानदार जीत के साथ खिताब अपने नाम कर लिया।
आशीष बने प्लेयर ऑफ द मैच, टूर्नामेंट में भी रहे सबसे सफल गोल स्कोरर
फाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए आशीष तानी पूर्ति को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। इतना ही नहीं, पूरे टूर्नामेंट में 13 गोल दागकर उन्होंने ‘टॉप स्कोरर’ का सम्मान भी हासिल किया। भारतीय टीम के गोलकीपर आयुष रजक को ‘बेस्ट गोलकीपर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया।
महिला वर्ग में भी भारत का प्रदर्शन शानदार रहा। भारतीय महिला अंडर-18 टीम ने कांस्य पदक जीता, जबकि नौशीन नाज़ 12 गोल के साथ महिला प्रतियोगिता की टॉप स्कोरर रहीं।
हॉकी इंडिया ने घोषित किया नकद पुरस्कार
भारतीय टीम की ऐतिहासिक उपलब्धि पर हॉकी इंडिया ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए नकद पुरस्कार की घोषणा की है। पुरुष अंडर-18 टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 3 लाख रुपये तथा सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 1.5 लाख रुपये दिए जाएंगे।
वहीं कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय महिला अंडर-18 टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को 1 लाख रुपये तथा सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की गई है।
खूंटी के आशीष तानी पूर्ति की यह उपलब्धि न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय बन गई है। उनकी सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि छोटे शहरों और गांवों की प्रतिभाएं भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का परचम लहरा सकती हैं।
