RANCHI
विज्ञान के दौर में आज भी अंधविश्वास की कई घटनाएं सामने आ जाती है। ऐसी की एक घटना झारखंड की राजधानी रांची के पास की है। अंधविश्वास के नाम पर एक युवक की ‘अग्निपरीक्षा‘ ली गई। चोरी के आरोप में सच्चाई साबित करने के लिए 18 साल के युवक के दोनों हाथ उबलते गोबर मिश्रित पानी में डुबोने की सजा दी गई। इससे युवक के दोनों हाथ झुलस गए। यह घटना नरकोपी थाना क्षेत्र के सरवा गांव की है।
मिली जानकारी के मुताबिक, गांव के एक घर से 20 हजार रुपये चोरी हो गए। परिवार ने 20 हजार रुपये चोरी होने का आरोप गांव के ही अनूप उरांव, पिता बुधवा उरांव पर लगा दिया। आरोपियों ने कथित तौर पर युवक को पकड़कर उसके दोनों हाथ उबलते गोबर वाले पानी में डाल दिए, ये कहते हुए कि अगर इसने चोरी नहीं की तो कुछ नहीं होगा। दर्द से चीखते रहने के बाद भी अनूप उरांव की बात किसी ने उसकी नहीं सुनी।
घटना के बाद परिजन घायल अनूप को इलाज के लिए रांची के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी होने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंच गए। यहां मां और पीड़ित युवक के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
