झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स: अब उद्योगों की जरूरत के हिसाब से तैयार होंगे झारखंड के युवा, हुआ अहम MoU



RANCHI

राज्य के युवाओं को उद्योगों की जरूरत के मुताबिक प्रशिक्षित कर बेहतर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) और झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी (JSDMS) के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते पर एफजेसीसीआई के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा और जेएसडीएमएस के मिशन निदेशक-सह-मुख्य परिचालन पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार लाल ने हस्ताक्षर किए।

समझौते के तहत मुख्यमंत्री सारथी योजना (MMSY) से प्रशिक्षित और प्रमाणित युवाओं को एफजेसीसीआई से जुड़े उद्योगों एवं प्रतिष्ठानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में संयुक्त रूप से काम किया जाएगा। इसके अलावा उद्योगों की मांग के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण, औद्योगिक भ्रमण, ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग, अतिथि व्याख्यान और पाठ्यक्रम तैयार करने में भी दोनों संस्थाएं सहयोग करेंगी।

यह समझौता प्रारंभिक तौर पर एक वर्ष के लिए प्रभावी रहेगा, जिसे आपसी सहमति से आगे भी बढ़ाया जा सकेगा। एफजेसीसीआई अपने सदस्य उद्योगों के माध्यम से प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार दिलाने का प्रयास करेगा। साथ ही चयनित अभ्यर्थियों को समय पर वेतन, न्यूनतम वेतनमान और बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

इस मौके पर एफजेसीसीआई अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि यह साझेदारी झारखंड के युवाओं को उद्योगों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रदान कर उन्हें गुणवत्तापूर्ण रोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन मिलेगा और राज्य में औद्योगिक विकास को भी गति मिलेगी।

एफजेसीसीआई के महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी के साथ यह सहयोग युवाओं, उद्योग जगत और राज्य की अर्थव्यवस्था तीनों के लिए लाभकारी साबित होगा।

समझौता समारोह में एफजेसीसीआई की ओर से उपाध्यक्ष राम बंगार, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, प्रियंक भगत, स्किल डेवलपमेंट सब-कमिटी के चेयरमैन आलोक कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं जेएसडीएमएस की ओर से फाइनेंस मैनेजर राजन वास्तव, ऑपरेशन मैनेजर अमित प्रजापति तथा यूएनडीपी के प्रोजेक्ट हेड राजीव खरे भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *