RANCHI: रथ यात्रा की तैयारियों का DC-SSP ने लिया जायजा, सुरक्षा से लेकर सुविधाओं तक दिए सख्त निर्देश



RANCHI

ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से रथ यात्रा मार्ग और मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। इसके बाद नीलाद्री प्रशासनिक भवन में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

रथ यात्रा मार्ग होगा अतिक्रमण मुक्त

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पूरे रथ यात्रा मार्ग से अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। संबंधित विभागों को जल्द कार्रवाई कर मार्ग को पूरी तरह साफ और सुगम बनाने को कहा गया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

स्वास्थ्य, बिजली और स्वच्छता पर विशेष जोर

मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में एंबुलेंस, मेडिकल टीम और स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बिजली विभाग को खुले तारों की जांच कर सुरक्षित विद्युत व्यवस्था और पर्याप्त बैकअप रखने को कहा गया। नगर निगम को नियमित सफाई, बायो टॉयलेट और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, एंबुलेंस, CCTV और अग्निशामक दल रहेंगे हर समय अलर्ट

पूरे मेला परिसर और रथ यात्रा मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनकी 24 घंटे कंट्रोल रूम से निगरानी होगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन वाहन हर समय रेडी-टू-मूव स्थिति में तैनात रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खोया-पाया केंद्र भी बनाया जाएगा।

मीडिया और वालंटियर व्यवस्था भी होगी मजबूत

मीडिया कवरेज के लिए विशेष वॉच टावर बनाया जाएगा। वहीं, जगन्नाथपुर मेला समिति को आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट शुरू करने की सलाह दी गई, ताकि समय-समय पर जरूरी सूचनाएं लोगों तक पहुंचाई जा सकें। सभी वालंटियर को पहचान पत्र उपलब्ध कराने और उनकी विस्तृत ब्रीफिंग कराने के भी निर्देश दिए गए।

रथ यात्रा रांची की सांस्कृतिक धरोहर

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जगन्नाथपुर रथ यात्रा रांची की सांस्कृतिक पहचान है। प्रशासन का लक्ष्य इस बार यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और भव्य बनाना है। उन्होंने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस हर स्तर पर सतर्क रहेगी और किसी भी तरह की अव्यवस्था या असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

बैठक और निरीक्षण के दौरान पुलिस, जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, बिजली विभाग, सड़क निर्माण विभाग, अग्निशमन विभाग, मंदिर समिति तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *