झारखंड की शूटिंग प्रतिभाओं को मिलेगी नई मजबूती, CM हेमंत सोरेन ने दिये बदहाल रेंज के आधुनिकीकरण के निर्देश

RANCHI

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेंज की बदहाल आधारभूत संरचना, रखरखाव, खेल सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शूटिंग रेंज का समयबद्ध तरीके से आधुनिकीकरण किया जाए, ताकि राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप प्रशिक्षण की सुविधाएं मिल सकें। इस दौरान खेल मंत्री सुदिव्य कुमार भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर शूटिंग रेंज का निरीक्षण कर आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता, प्रशिक्षण व्यवस्था, सुरक्षा मानकों और खिलाड़ियों को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों को समग्र विकास की कार्ययोजना तैयार कर तय समय सीमा में उसे लागू करने के निर्देश भी दिए गए।

विश्वस्तरीय प्रशिक्षण पर रहेगा सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की धरती है और यहां के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन किया है। ऐसे में सरकार की प्राथमिकता उन्हें विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और अत्याधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी बेहतर अवसर देने तथा प्रशिक्षण व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।

सुरक्षा व्यवस्था और उपकरणों को दुरुस्त करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने शूटिंग रेंज के उपकरणों के रखरखाव, सीसीटीवी निगरानी, फायर एक्सटिंग्विशर एवं फायर हाइड्रेट की व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने नियमित मॉक ड्रिल कराने और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और शूटिंग राइफल से निशाना साधकर सुविधाओं का अनुभव लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव अविनाश कुमार, खेलकूद विभाग के सचिव मुकेश कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *