धरती आबा बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर राज्यपाल गंगवार और CM हेमंत ने दी श्रद्धांजलि, संघर्ष को किया याद



RANCHI

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर सोमवार को झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने रांची के कोकर स्थित उनके समाधि स्थल पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की तथा भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद दोनों नेताओं ने बिरसा चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें कोटि-कोटि नमन किया।

इस अवसर पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन, उनके बलिदान तथा आदिवासी समाज के उत्थान के लिए किए गए ऐतिहासिक योगदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।

मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि आज धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि है और लगभग सवा सौ वर्ष बीत जाने के बाद भी देशभर में आदिवासी समुदाय सहित सभी वर्गों के लोग उन्हें सम्मान और श्रद्धा के साथ याद कर रहे हैं। यह उनके महान व्यक्तित्व और असाधारण योगदान का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, आदर्श और उनके द्वारा दिखाया गया मार्ग आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने जिस इतिहास की रचना की, उसे सदियों तक याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी हम सभी उनकी समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करने आए हैं और आगे भी उनके प्रति सम्मान व्यक्त करते रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भी भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *