CHATRA: जंगल में कार लगाकर चल रहा था नशे का कारोबार, ब्राउन शुगर के साथ 5 अफीम तस्कर अरेस्ट

CHATRA

चतरा पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 31.19 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर के साथ पांच अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 4 जनवरी 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि तुड़ाग जंगल क्षेत्र में कुछ लोग कार खड़ी कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चतरा और सदर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया।

छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तुड़ाग जंगल के चिन्हित स्थान पर घेराबंदी कर छापा मारा, जहां ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते हुए पांच तस्करों को मौके से पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 31.19 ग्राम ब्राउन शुगर, एक आई-20 कार (JH02BH-1938) और पांच स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिन्हें विधिवत जब्त कर लिया गया।

इस मामले में सदर थाना कांड संख्या 06/2026 दिनांक 04.01.2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी), 22(बी), 25, 27 और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रूपेश कुमार दॉगी (25), नीरज कुमार यादव (19), प्रकाश कुमार दॉगी (27), लक्ष्मण कुमार दॉगी (19) और राकेश कुमार दॉगी (23) के रूप में हुई है। सभी आरोपी चतरा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है और इस मामले में आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *