मुजफ्फरपुर में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, जिला कृषि पदाधिकारी घूस लेते गिरफ्तार



19 हजार रुपये लेते रंगे हाथ पकड़े गए सुधीर कुमार, पटना तक चला सर्च ऑपरेशन

MUJAFFARPUR 


मुजफ्फरपुर में निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला कृषि पदाधिकारी सुधीर कुमार को घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। विजिलेंस टीम पिछले चार दिनों से उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी, क्योंकि वह अधिकतर समय मुख्यालय से बाहर रह रहे थे। शनिवार सुबह जैसे ही वह अपने आवास लौटे, टीम ने ऑपरेशन को अंजाम दिया।

जानकारी के मुताबिक, जगदीशपुरी इलाके स्थित आवास पर प्रखंड तकनीकी प्रबंधक संतोष कुमार ने जिला कृषि पदाधिकारी को 19 हजार रुपये नकद दिए। उसी समय निगरानी टीम का एक सदस्य मौके पर पहले से मौजूद था। रुपये लेने के बाद अधिकारी ने दोनों को बैठने को कहा, इसी दौरान बातचीत की रिकॉर्डिंग भी की गई।

संतोष कुमार के जाने के बाद निगरानी टीम ने अपना परिचय दिया और पूछताछ शुरू की। इसके बाद आवास की तलाशी ली गई। जिस पैंट की जेब में 19 हजार रुपये रखे गए थे, उसे भी उतरवाकर नकदी के साथ जब्त कर लिया गया।

विजिलेंस टीम जिला कृषि पदाधिकारी को अपने साथ पटना ले गई, जहां उनके आवास पर भी सर्च किया गया। शाम के समय मुजफ्फरपुर स्थित जिला कृषि कार्यालय में भी तलाशी अभियान चलाया गया। इस मामले में विभाग के कई अन्य कर्मियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *