TamilNadu
रविवार को तमिलनाडु के विरुधुनगर ज़िले में एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका हुआ, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। इस हादसे में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह विस्फोट कट्टानारपट्टी इलाके में हुआ, जहां अचानक तेज धमाके के बाद फैक्ट्री में आग भी फैल गई।
धमाके के बाद मची अफरा-तफरी
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची फायर एंड रेस्क्यू टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि हादसे में 6 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिन्हें पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सीएम स्टालिन ने जताया शोक
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने इस दर्दनाक घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि इस हादसे की खबर बेहद दुखद है और सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के.के.एस.एस.आर. रामचंद्रन और थंगम थेन्नारासु को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, जिला प्रशासन को भी यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि प्रभावित लोगों को हर संभव मदद जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाए।
