Jammu Kashmir
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर ज़िले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। रामनगर इलाके के कागोर्ट गांव के पास एक यात्री बस अचानक पहाड़ी से नीचे गहरी खाई में गिर गई, जिससे कम से कम 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हो गए।
मोड़ पर संतुलन बिगड़ा, खाई में जा गिरी बस
जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ जब बस एक दूरदराज गांव से उधमपुर की ओर जा रही थी। कागोर्ट गांव के पास एक तीखे मोड़ पर चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस सीधे खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि बस के परखच्चे उड़ गए।
स्थानीय लोगों ने शुरू किया रेस्क्यू, कई की हालत गंभीर
घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने बस के मलबे से घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस और आपातकालीन दल भी मौके पर पहुंच गए और अभियान को तेज किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, अब तक 15 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 20 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने लिया संज्ञान, एयरलिफ्ट की तैयारी
हादसे के बाद केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने रामनगर क्षेत्र के प्रशासन से संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने डिप्टी कमिश्नर मिंगा शेरपा से बात कर राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंत्री ने बताया कि गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि उन्हें बेहतर इलाज मिल सके। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ितों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है, वहीं प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है।
