RANCHI
राज्य की बहुप्रतीक्षित रिम्स-2 परियोजना को लेकर प्रशासन ने स्थानीय स्तर पर संवाद प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में पिठोरिया थाना परिसर में एक बैठक आयोजित कर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से सुझाव लिए गए। बैठक का उद्देश्य परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर स्थानीय लोगों की राय जानना और विकास कार्यों में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना था।
बैठक डीएसपी अमर कुमार पांडे और इंस्पेक्टर आशीष कुमार मोदी के नेतृत्व में आयोजित हुई। इसमें पिठोरिया थाना क्षेत्र के हंदूर, मालसरिंग, चंदवे, पिठोरिया, राढ़हा, इंचपीड़ी, उपरकोंकी और कोकदारो पंचायतों के मुखिया शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े सुझाव और स्थानीय जरूरतों को अधिकारियों के समक्ष रखा।
अधिकारियों ने कहा कि रिम्स-2 जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए स्थानीय समुदाय का सहयोग और सुझाव बेहद महत्वपूर्ण है। बैठक के माध्यम से परियोजना को लेकर जनप्रतिनिधियों की राय जानने के साथ-साथ समन्वय को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक में पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडे, एसआई संतोष यादव, सुनील दास, संजय कुमार तथा एएसआई रमेश कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि परियोजना से जुड़े मामलों में स्थानीय लोगों के साथ लगातार संवाद बनाए रखा जाएगा, ताकि विकास कार्य सुचारु रूप से आगे बढ़ सके।
