डॉ गुलफाम मुजीबी के निधन से कांग्रेस को बड़ा झटका, नेताओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि


RANCHI

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेस नेता और झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. गुलफाम मुजीबी के असामयिक निधन पर कांग्रेस नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने इसे कांग्रेस परिवार और झारखंड के सामाजिक-राजनीतिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति बताया। वहीं प्रदेश प्रभारी के. राजू ने भी निधन की सूचना मिलने पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

जनसेवा और सामाजिक सद्भाव के लिए याद किए जाएंगे डॉ. मुजीबी

केशव महतो कमलेश ने अपने शोक संदेश में कहा कि डॉ. गुलफाम मुजीबी ने अपना पूरा जीवन कांग्रेस की विचारधारा, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने में समर्पित किया। उन्होंने संगठन को मजबूती देने के साथ-साथ अल्पसंख्यक समाज समेत सभी वर्गों की आवाज को मुखर करने का काम किया। सामाजिक न्याय, भाईचारे और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमेशा याद की जाएगी।

संगठन के हर कार्यकर्ता से था आत्मीय रिश्ता

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि डॉ. मुजीबी संघर्षशील और समर्पित नेता थे। उनका व्यवहार बेहद सरल, सहज और मिलनसार था। वे संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान करते थे और उनकी बातों को गंभीरता से सुनते थे। यही वजह थी कि वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों में भी काफी लोकप्रिय और सम्मानित थे।

अल्पसंख्यक आयोग में निभाई अहम भूमिका

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में डॉ. मुजीबी ने राजनीतिक जिम्मेदारियों के साथ सामाजिक दायित्वों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन किया। झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने वंचित और जरूरतमंद लोगों के अधिकारों की रक्षा तथा सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनका कार्य और व्यक्तित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा।

नेताओं ने जताया शोक

डॉ. गुलफाम मुजीबी के निधन पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत, सांसद कालीचरण मुंडा, राजेश ठाकुर, डॉ. प्रदीप बलमुचू, डॉ. रामेश्वर उरांव, बंधु तिर्की, आलमगीर आलम, प्रदीप यादव, राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुंजनी, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ. एम. तौसीफ, राजन वर्मा, सुनीत शर्मा, उज्ज्वल तिवारी, डॉ. राजीव नारायण प्रसाद, आलोक दूबे, डॉ. राजेश गुप्ता, शशि भूषण राय, सोनाल शांति, अनवर अहमद अंसारी, रविंद्र सिंह, जयशंकर पाठक, राजीव रंजन प्रसाद, शमशेर आलम, कमल ठाकुर और मंजूर अंसारी समेत कई नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *