SIR में महिलाओं के दस्तावेजों पर विशेष ध्यान दें, एक भी सही वोट न कटे: कल्पना सोरेन

Giridih

गिरिडीह में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने रविवार को उत्सव उपवन सभागार में बीएलए-2 प्रशिक्षण शिविर सह बूथ सम्मेलन का आयोजन किया। कार्यक्रम में जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के बीएलए-2, बूथ कमेटी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और SIR प्रक्रिया को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि पात्र मतदाताओं का नाम सूची से नहीं कटे, इसकी जिम्मेदारी बीएलए-2 और बूथ कमेटी के कार्यकर्ताओं की है। उन्होंने कहा कि SIR की प्रक्रिया को लेकर झामुमो पूरी तरह सतर्क है और बूथ स्तर पर व्यापक तैयारी की जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक मतदाता तक पहुंचने और जरूरी दस्तावेजों की जांच सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने महिलाओं से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि विवाह के बाद महिलाओं का निवास स्थान बदल जाता है, जिससे दस्तावेजों और मतदाता सूची में नाम से संबंधित समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इसलिए बूथ कमेटियों को महिलाओं के आवश्यक दस्तावेज समय रहते तैयार कराने चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि एक भी सही नाम सूची से न हटे और किसी भी फर्जी नाम को जोड़ने की अनुमति न मिले।

झामुमो के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि SIR प्रक्रिया पर संगठन की केंद्रीय समिति से लेकर बूथ स्तर तक पैनी नजर है। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं को किसी भी कीमत पर वंचित नहीं होने दिया जाएगा और अपात्र नामों को सूची में शामिल होने से रोका जाएगा। राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद ने भी कार्यकर्ताओं से पूरी सतर्कता बरतने और किसी भी समस्या की स्थिति में वरिष्ठ नेतृत्व से तुरंत संपर्क करने की अपील की।

सम्मेलन में पूर्व विधायक केदार हाजरा और निजामुद्दीन अंसारी ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। नेताओं ने कहा कि लगातार प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को SIR प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया जा रहा है, ताकि पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ टीम ने SIR प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी तथा बीएलए-2 और बूथ कमेटियों को आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध कराए।

कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, बूथ कमेटी सदस्यों और संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों ने भाग लिया। नेताओं ने संगठन की मजबूती और मतदाता जागरूकता अभियान को और तेज करने का संकल्प भी दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *