पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान, राजधानी में निकला घोड़ा गाड़ी जुलूस

RANCHI

पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के खिलाफ झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने मंगलवार को पूरे राज्य में व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया। राजधानी रांची समेत कई जिलों के पेट्रोल पंपों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने बढ़ती महंगाई तथा ईंधन मूल्य वृद्धि के विरोध में हस्ताक्षर कर केंद्र सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।

रांची के रातू रोड, कचहरी रोड, हरमू रोड, डोरंडा, बिरसा चौक और लालपुर स्थित पेट्रोल पंपों पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान आम नागरिकों, वाहन चालकों, महिलाओं और व्यापारियों ने भी अभियान में भाग लिया।

घोड़ा गाड़ी के साथ निकला विरोध मार्च

शाम करीब पांच बजे कांग्रेस भवन से प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में घोड़ा गाड़ी के साथ जुलूस निकाला गया। कांग्रेस कार्यकर्ता शहीद चौक और अल्बर्ट एक्का चौक होते हुए लालपुर पेट्रोल पंप पहुंचे, जहां हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की गई।

जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई और ईंधन मूल्य वृद्धि के खिलाफ नारेबाजी भी की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पेट्रोल-डीजल को जनता की जरूरत नहीं बल्कि राजस्व कमाने का माध्यम बना चुकी है।

जनता की जेब पर पड़ रहा सीधा असर

मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि हस्ताक्षर अभियान के दौरान लोगों में केंद्र सरकार के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिली। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद देश में पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ईंधन की कीमत बढ़ने से परिवहन लागत बढ़ रही है, जिसका असर खाने-पीने की वस्तुओं, सब्जियों, दाल, दूध और अन्य रोजमर्रा की चीजों पर पड़ रहा है। इससे मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी और युवा सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसानों की खेती की लागत बढ़ चुकी है और ट्रांसपोर्ट सेक्टर भी गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है, जबकि केंद्र सरकार जनता की परेशानियों से दूर दिखाई दे रही है।

जनता की भावनाओं की अभिव्यक्ति है अभियान

पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि यह हस्ताक्षर अभियान सिर्फ विरोध प्रदर्शन नहीं बल्कि जनता की भावनाओं की सीधी अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि लोगों का समर्थन इस बात का संकेत है कि आम जनता अब केंद्र सरकार की नीतियों से परेशान हो चुकी है।

उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में यह अभियान और व्यापक रूप लेगा तथा केंद्र सरकार को जनता की आवाज सुनने के लिए मजबूर करेगा।

सैकड़ों कार्यकर्ता रहे मौजूद

इस अभियान में प्रदीप तुलस्यान, सुनीत शर्मा, रविंद्र सिंह, राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुंजनी, अभिलाष साहू, सूर्यकांत शुक्ला, राजेश सिन्हा सन्नी, राजन वर्मा, संजय कुमार, उज्जवल प्रकाश तिवारी, केदार पासवान, टिंकू वर्मा, निरंजन शर्मा, बिनोद सिंह, राजू राम, राजीव प्रकाश चौधरी उर्फ चिंटू, अजय जैन, राखी प्रियदर्शी, राजकिशोर सिंह और सुनील सिंह सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न पेट्रोल पंपों पर हस्ताक्षर अभियान चलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *