Ranchi
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ रांची जिले के तमाड़ स्थित प्रसिद्ध सोलहभुजी मां दिउड़ी मंदिर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मां दिउड़ी मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री और विधायक कल्पना सोरेन ने माता रानी के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूजा-अर्चना का आयोजन वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। धार्मिक अनुष्ठान का संचालन पुरोहित मनोज पंडा तथा मुख्य पाहन सुखराम जी ने कराया।
मुख्यमंत्री के मंदिर पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों और क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण मंदिर परिसर में पहुंच गए। लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उनसे मुलाकात कर अपनी खुशी व्यक्त की। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत राज्य की पहचान है। उन्होंने कहा कि मां दिउड़ी मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का एक महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां आने से सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक शक्ति का अनुभव होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार झारखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण तथा विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने मां दिउड़ी से राज्य के सभी लोगों के जीवन में सुख, समृद्धि और उन्नति का आशीर्वाद बनाए रखने की प्रार्थना की।
