फ्रेंड्स ऑफ वीकर सोसाइटी ने एडमिशन में की स्टूडेंट्स की मदद, दिया आर्थिक सहयोग

RANCHI

फ्रेंड्स ऑफ वीकर सोसाइटी, रांची द्वारा मेधावी एवं प्रतिभाशाली छात्रों को प्रोत्साहित करने तथा उनकी शिक्षा यात्रा को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में सोसाइटी ने विभिन्न छात्रों को उनके स्कूल एवं कॉलेज में नामांकन हेतु आर्थिक सहयोग एवं हौसला अफज़ाई प्रदान की।

सोसाइटी द्वारा जैक 10वीं परीक्षा में 97.6% अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल करने वाली आरिफा सारह, निवासी काली स्थान, को उर्सुलाइन इंटर कॉलेज के साइंस स्ट्रीम में नामांकन हेतु ₹12,450 की पूर्ण सहायता प्रदान की गई। सोसाइटी की ओर से उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए आगे भी आवश्यकता पड़ने पर हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया गया।

इसी क्रम में मिल्लत कॉलोनी निवासी फैजान आलम, जिन्होंने 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में 79% अंक प्राप्त किए हैं तथा सेंट जेवियर्स कॉलेज की प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल की है, को उनके उज्ज्वल शैक्षणिक भविष्य को ध्यान में रखते हुए फ्रेंड्स ऑफ वीकर सोसाइटी द्वारा ₹20,000 की सहायता प्रदान की गई, ताकि वे सहज रूप से कॉलेज में नामांकन लेकर अपनी आगे की पढ़ाई जारी रख सकें।

वहीं कुरैशी मोहल्ला, आज़ाद बस्ती निवासी अयान रज़ा को गोस्सनर कॉलेज में नामांकन हेतु ₹15,000 की सहायता प्रदान की गई, जिससे वे अपने शैक्षणिक सपनों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ा सकें।

मिल्लत कॉलोनी पथलकूदवा निवासी सुफियान सल्फी, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद शिक्षा के प्रति निरंतर समर्पण बनाए रखा है, को सेंट अलॉयसियस इंटर कॉलेज में नामांकन हेतु ₹10,000 की सहायता फ्रेंड्स ऑफ वीकर सोसाइटी द्वारा दी गई। परिवार में अन्य बच्चों की शिक्षा भी जारी है और सोसाइटी ने उनके शैक्षणिक उत्साह की सराहना की।

इसी प्रकार इस्लाम नगर निवासी मोहम्मद तनवीर, कक्षा 8वीं, को गोस्सनर हाई स्कूल में दाखले हेतु ₹3415 की सहायता राशि प्रदान की गई, ताकि वे अपनी पढ़ाई निरंतर जारी रख सकें।

इस अवसर पर सोसाइटी के अध्यक्ष तनवीर अहमद ने कहा कि “समाज के बच्चों को बेहतर शिक्षा से जोड़ना और उनके आत्मविश्वास को मजबूत करना हमारी प्राथमिकता है। हर छात्र में प्रतिभा होती है और सही अवसर एवं प्रोत्साहन मिलने पर वे अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। फ्रेंड्स ऑफ वीकर सोसाइटी आगे भी विद्यार्थियों की शिक्षा और मार्गदर्शन के लिए हर संभव सहयोग करती रहेगी।”

सोसाइटी के सदस्यों ने कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे मजबूत माध्यम है और विद्यार्थियों की हौसला अफज़ाई एवं सहयोग का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। इस अवसर पर फ्रेंड्स ऑफ वीकर सोसाइटी के अध्यक्ष तनवीर अहमद, महासचिव कमर सिद्दीकी, कोषाध्यक्ष अरशद शमीम, सचिव सुहैल अख्तर, कार्यकारिणी सदस्य मो. नौशाद अहमद, छात्रों के अभिभावक सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *