पूर्वी चंपारण में ऐतिहासिक क्षण, विराट रामायण मंदिर परिसर में विश्व के सबसे बड़े सहस्र शिवलिंग की स्थापना


पूर्वी चंपारण के कैथवलिया में भक्ति का महाकुंभ, सीएम नीतीश कुमार रहे मौजूद


East Champaran

पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर प्रखंड स्थित कैथवलिया के जानकी नगर में निर्माणाधीन विराट रामायण मंदिर में शनिवार को विश्व के सबसे बड़े सहस्र शिवलिंग की स्थापना की गई। इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा इलाका हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विराट रामायण मंदिर पहुंचे और सहस्र शिवलिंग की स्थापना प्रक्रिया को नजदीक से देखा। मंदिर परिसर का भ्रमण करने के बाद वे मोतिहारी में समृद्धि यात्रा के तहत आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हो गए। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। श्रद्धालु शिव मंत्रों का जाप कर रहे हैं, वहीं महिलाएं महादेव के मंगलगीत गाती नजर आईं। काशी सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आए विद्वान पीठ पूजा और यज्ञ अनुष्ठान की विधियां संपन्न कर रहे हैं।

इस अवसर पर समस्तीपुर की सांसद सांभवी चौधरी और उनके पति, महावीर मंदिर न्यास पटना के सचिव सायण कुणाल, यजमान के रूप में अनुष्ठान में शामिल हुए। सहस्र शिवलिंग की पीठ पूजा के लिए विधिवत यज्ञ किया जा रहा है।

गौरतलब है कि 20 जून 2023 को विराट रामायण मंदिर के निर्माण के लिए शिलापूजन किया गया था। बीते डेढ़ वर्षों में लगातार निर्माण कार्य चला, जिसमें जमीन के भीतर लगभग 100 फीट तक 3102 स्तंभ खड़े किए गए। आधारपीठ के निर्माण के बाद अब तमिलनाडु के महाबलीपुरम में निर्मित 33 फीट ऊंचे और 33 फीट चौड़े सहस्र शिवलिंग की स्थापना की गई है।

इस भव्य धार्मिक आयोजन में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए। सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर श्रद्धालुओं को बधाई देते हुए इसे आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा को सशक्त करने वाला आयोजन बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *