अवार्ड विनर फिल्मकारों से मिले CM हेमंत सोरेन, राज्य में फिल्म निर्माण को बढ़ावा का दिया भरोसा

RANCHI

झारखंड के युवा पुरस्कार-विजेता फिल्मकार बीजू टोप्पो, सेराल मुर्मू, निरंजन कुजूर, रवि राज मुर्मू, अनुज कुमार और मानसिंह बास्के ने झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सभी फिल्मकारों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर झारखंड के कलाकारों और फिल्मकारों की लगातार बढ़ती मौजूदगी राज्य के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने कहा कि झारखंड से फिल्म निर्माण के क्षेत्र में लगातार उपलब्धियां सामने आ रही हैं। इससे राज्य की सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में झारखंड को फिल्म विकास के क्षेत्र में आगे ले जाने के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग करेगी। फिल्म निर्माण, शूटिंग, तकनीकी प्रशिक्षण और स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर देने की दिशा में सकारात्मक पहल की जाएगी।

मुलाकात के दौरान फिल्मकारों ने अपनी फिल्मों, निर्देशकीय उपलब्धियों और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों के बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी दी। इन फिल्मकारों ने झारखंड की जनजातीय, सामाजिक और सांस्कृतिक विषयवस्तु पर आधारित फिल्मों के जरिए राज्य की पहचान देश-दुनिया तक पहुंचाई है।

फिल्मकारों ने झारखंड में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने, स्थानीय कलाकारों को मंच उपलब्ध कराने और राज्य को एक उभरते फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने से जुड़े सुझाव भी साझा किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की कला, संस्कृति और जनजातीय विरासत बेहद समृद्ध है। फिल्म माध्यम के जरिए राज्य की इस विरासत और पहचान को देश-दुनिया तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *