बाबूलाल मरांडी की बयानबाजी पर झारखंड पुलिस का तीखा पलटवार, कहा- भरोसा नहीं तो दूसरे राज्य की पुलिस बुलाएं

RANCHI

नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी के हालिया बयानों पर झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने कड़ी आपत्ति जताते हुए पुलिस अधिकारियों के खिलाफ लगातार की जा रही बयानबाजी की निंदा की है। एसोसिएशन ने मरांडी को लिखे पत्र में कहा है कि वे एक जिम्मेदार संवैधानिक पद पर आसीन हैं, किंतु ऐसा प्रतीत होता है कि झारखंड पुलिस पर निराधार आरोप लगाना उनकी दिनचर्या बन चुका है। आए दिन किसी न किसी पुलिस अधिकारी का नाम लेकर तथ्यहीन बयानबाजी करना अब उनकी नियति बनती जा रही है।

झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने कहा है कि राज्य पुलिस अपने ईमानदार कर्तव्यों, अटूट निष्ठा और पुलिस महानिदेशक (DGP) के दिशा-निर्देशों के साथ कदम से कदम मिलाकर हर प्रकार की आपराधिक, अनैतिक और अमर्यादित गतिविधियों को नियंत्रित करने में पूरी तरह सफल रही है। एसोसिएशन ने कहा कि बाबूलाल मरांडी के लगातार आक्षेपों को देखकर तो ऐसा लगता है कि संभवतः उन्हें झारखंड पुलिस पर विश्वास ही नहीं रह गया है। बेहतर होगा कि वे अब किसी अन्य राज्य के पुलिस अधिकारियों को ही यहाँ प्रतिनियुक्त कराने की मांग करें।

एसोसिएशन ने कहा कि अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) मनोज कौशिक के विरुद्ध दिया गया हालिया बयान पूरी निष्ठा से काम कर रहे झारखंड पुलिस बल के मनोबल को तोड़ने वाला है। इस प्रकार लगातार अनर्गल बयानबाजी कर राज्य की पुलिस की छवि को धूमिल करने के प्रयासों का एसोसिएशन एवं उसके सदस्यों ने कड़े शब्दों में खंडन और तीव्र निंदा की है।

यह पत्र राकेश कुमार पाण्डेय, प्रदेश संयुक्त सचिव-सह-कोषाध्यक्ष, झारखंड पुलिस एसोसिएशन, रांची की ओर से जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *