BIG NEWS: 23 मई को वोटरों की होगी जांच, हर बूथ पर लगेगी ‘Un-Mapped Elector List’, आप चेक कर सकते हैं अपना नाम




RANCHI


मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत रांची जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर 23 मई 2026 को Un-Mapped Elector List प्रकाशित की जाएगी। इस सूची के जरिए वैसे मतदाता अपना नाम जांच सकेंगे, जिनका नाम वर्ष 2003 के SIR की मतदाता सूची से अब तक मैप नहीं हो पाया है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-सचिव, मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग, झारखंड, रांची के निर्देश के आलोक में यह प्रक्रिया पूरी की जा रही है। Manjunath Bhajantri के निर्देशानुसार रांची जिला अंतर्गत तमाड़, सिल्ली, खिजरी, रांची, हटिया, कांके और मांडर विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर यह सूची उपलब्ध रहेगी।
सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक देख सकेंगे नाम
जिला प्रशासन के अनुसार 23 मई (शनिवार) को पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक मतदाता संबंधित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर Un-Mapped Elector List में अपना नाम जांच सकते हैं। यदि किसी मतदाता का नाम पुराने रिकॉर्ड से मैप नहीं हुआ है, तो वे मौके पर मौजूद बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करा सकेंगे।
इस अभियान का उद्देश्य ऐसे मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करना है, जिनका रिकॉर्ड पुराने मतदाता सूची डेटा से जुड़ नहीं पाया है। इससे भविष्य में मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने में मदद मिलेगी।
बीएलओ और अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने का निर्देश
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त Manjunath Bhajantri ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर सूची का प्रकाशन सुनिश्चित करें। साथ ही संबंधित बीएलओ की उपस्थिति भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
इसके अलावा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक, रांची को भी निर्देशित किया गया है कि उनके विभागों के अंतर्गत कार्यरत बीएलओ और बीएलओ पर्यवेक्षक निर्धारित समय तक संबंधित मतदान केंद्रों पर मौजूद रहें।
जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि यदि उनका नाम पूर्व की मतदाता सूची से मैप नहीं हुआ है, तो वे 23 मई को अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर सूची की जांच अवश्य करें और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *