CENTRAL DESK
गुजरात की साबरमती सेंट्रल जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के कथित अंतरराष्ट्रीय अपराध नेटवर्क पर अमेरिका ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) के USAO Central District of California के अनुसार, ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के तहत अमेरिका, कनाडा और यूरोप में 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कुल 37 लोगों के खिलाफ तीन अलग-अलग अभियोग (इंडिक्टमेंट) दायर किए गए हैं।
अमेरिक का दावा है कि गुजरात की साबरमती सेंट्रल जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई कथित तौर पर जेल के भीतर से ही अपने अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क का संचालन करता रहा। इस दावे ने भारतीय जेलों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अमेरिकी अभियोग के अनुसार, पंजाब का रहने वाला लॉरेंस बिश्नोई जेल में बंद रहने के बावजूद कथित तौर पर मोबाइल फोन और इंटरनेट आधारित संचार माध्यमों के जरिए अपने नेटवर्क का संचालन करता था। उस पर हत्या, रंगदारी, अपहरण, मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी और अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराधों को निर्देशित करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ये सब आला पुलिस अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है।
चार्जशीट में 18 जून 2023 को कनाडा के सरे शहर में एक प्रमुख भारतीय राजनीतिक एवं धार्मिक नेता की हत्या का भी उल्लेख है। अमेरिकी एजेंसियों का आरोप है कि इस हत्या का आदेश लॉरेंस बिश्नोई और उसके सहयोगी गोल्डी बराड़ ने दिया था। जांच में अमेरिका और कनाडा में रंगदारी, ड्रग्स तस्करी और सोशल मीडिया के जरिए डर का माहौल बनाने के कई आरोप भी शामिल हैं।
अमेरिकी एजेंसियों ने इस कार्रवाई के दौरान करीब 1,000 किलोग्राम कोकीन, 1 किलोग्राम हेरोइन, हथियार और नकदी भी जब्त की है। मामले में कई आरोपी अभी भी फरार बताए गए हैं और उनकी तलाश जारी है।
इस कार्रवाई के बाद यह सवाल भी उठने लगे हैं कि जब लॉरेंस बिश्नोई भारत की जेल में बंद है, तब उसके कथित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का इतना बड़ा खुलासा अमेरिकी एजेंसियों ने कैसे किया और उस नेटवर्क पर भारत में अब तक अपेक्षित स्तर की कार्रवाई क्यों नहीं हो सकी। हालांकि, इस संबंध में भारतीय एजेंसियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
स्रोत : DOJ – USAO Central District of California
www.justice.gov/usao-cdca/pr/international-crackdown-india-based-organized-crime-gangs-results-24-arrests-us-canada
