दिल्ली में कांग्रेस नेतृत्व संग मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की की अहम बैठक, मनरेगा संग्राम और पेसा पर मंथन

Ranchi/New Delhi

झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की इन दिनों दिल्ली दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, कांग्रेस महासचिव सह राज्यसभा सांसद एवं जम्मू-कश्मीर–लद्दाख प्रभारी नासिर हुसैन तथा राज्यसभा सांसद और कांग्रेस के संचार व मीडिया विभाग के महासचिव जयराम रमेश से मुलाकात की।

वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ हुई इस बैठक में पार्टी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे मनरेगा संग्राम कार्यक्रम, झारखंड में लागू पेसा नियमावली और राज्य के कृषि विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आत्मा है और इसमें किसी भी तरह के बदलाव को कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने मनरेगा संग्राम को गांव-गांव तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

मंत्री ने बताया कि झारखंड में गठबंधन सरकार द्वारा पेसा नियमावली लागू किए जाने से ग्राम स्वशासन को मजबूती मिली है। यह नियमावली जल, जंगल, जमीन और खनिज पर ग्राम सभा के अधिकारों को स्थापित करने में प्रभावी साबित होगी। इस संदेश को राज्य की जनता तक पहुंचाने में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका होगी।

बैठक के दौरान मंत्री ने झारखंड में कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की भी जानकारी दी। इनमें किसानों के बीच बीज वितरण, खेतों की सिंचाई के लिए सोलर पंप, मुख्यमंत्री पशुधन योजना, मत्स्य पालन के लिए केज कल्चर और महिलाओं के बीच ट्रैक्टर वितरण जैसी योजनाएं शामिल हैं।

दिल्ली प्रवास के दौरान मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू को ब्रेने ब्राउन की पुस्तक स्ट्रॉन्ग ग्राउंड” भेंट की। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक नए युग में नेतृत्व की परिभाषा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करती है। मंत्री ने वरिष्ठ नेताओं से मिले मार्गदर्शन को भविष्य के लिए प्रेरणादायी और उपयोगी बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *