चाईबासा में पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में कल कोलहान बंद, भाजपा नेता चंपाई सोरेन ने की घोषणा

28th October 2025

Chaibasa, West Singhbhum

चाईबासा के तांबो चौक में सोमवार की रात हुए हिंसक घटनाक्रम ने पूरे कोलहान क्षेत्र को झकझोर दिया है। पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई झड़प के बाद मंगलवार को भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने 29 अक्टूबर यानी बुधवार कोलहान बंद का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन की विफलता ने हालात को इस मुकाम पर पहुंचा दिया है, जहां जनता को अपनी मांगों के लिए सड़कों पर उतरना पड़ा।

दरअसल, सोमवार को दिन में ग्रामीण नो-एंट्री आंदोलन चला रहे थे। उनकी मांग थी कि एनएच-220 और चाईबासा बाईपास से दिन के समय भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई जाए, क्योंकि इनकी रफ्तार से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और कई जानें जा चुकी हैं। दिनभर शांतिपूर्ण रहा आंदोलन देर रात अचानक हिंसक हो गया, जब पुलिस ने धरना स्थल से ग्रामीणों को हटाने की कोशिश की

तनाव भड़कने के बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। पथराव, लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले चले। इस दौरान कई लोग घायल हुए और सदर एसडीपीओ बाहमन टूटी की स्कॉर्पियो गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। देर रात तक चले बवाल के बाद पुलिस ने स्थिति पर काबू पाया, लेकिन मंगलवार सुबह तक इलाके में तनाव बना रहा।

ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले कई महीनों से प्रशासन को चेतावनी दे रहे थे, पर कोई सुनवाई नहीं हुई। “हम सिर्फ अपनी सुरक्षा चाहते हैं, लेकिन प्रशासन ने हमें जबरन हटाने की कोशिश की,” एक प्रदर्शनकारी ने कहा।

इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता चंपाई सोरेन ने कहा, “सरकार जनता की आवाज दबाने पर तुली है। जिन लोगों ने सिर्फ सुरक्षा की मांग की, उन पर लाठियां बरसाई गईं। कोलहान की जनता इसका जवाब देगी। जब तक दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती, हमारा विरोध जारी रहेगा।”

कोलहान बंद की घोषणा के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, जबकि जिला प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *