BOKARO
झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की ओर से बुधवार को बोकारो टाउन हॉल (शिबू सोरेन स्मृति भवन) में जिला स्तरीय बूथ सम्मेलन सह कार्यकर्ता महासम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक शामिल हुए। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाना तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करना था।
पारंपरिक अंदाज में हुआ स्वागत
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जेएमएम के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडे का झारखंडी परंपरा के अनुरूप भव्य स्वागत किया गया। जिला अध्यक्ष रतनलाल मांझी और बोकारो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और ‘लोटा-पानी’ की पारंपरिक रस्म के साथ उनका अभिनंदन किया। इस दौरान उन्हें चांदी का मुकुट और फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया।
जनगणना और एसआईआर को लेकर दिए गए निर्देश
सम्मेलन के दौरान वर्तमान जनगणना प्रक्रिया और संभावित स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) को लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को विस्तार से जानकारी दी गई। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे गांव-गांव और मोहल्लों तक पहुंचकर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाएं।
संगठन की मजबूती बूथ से तय होती है: विनोद पांडे
महासम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडे ने कहा कि झारखंड में जेएमएम राज्य की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति के रूप में उभरी है और सरकार का नेतृत्व कर रही है। ऐसे में संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।
उन्होंने कहा कि बूथ स्तर का कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ है और संगठन की वास्तविक ताकत भी। संगठन की सफलता का आधार मजबूत बूथ संरचना होती है। इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का अभियान चलाना चाहिए।
कार्यकर्ताओं में भरा जोश
सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो ने भी कार्यकर्ताओं को संगठन के विस्तार और जनसंपर्क अभियान को और तेज करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जनता के बीच लगातार सक्रिय रहकर ही पार्टी को और मजबूत बनाया जा सकता है।
संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प
चंदनकियारी विधायक उमाकांत रजक ने कहा कि बोकारो जिले के प्रत्येक बूथ को संगठन का मजबूत केंद्र बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों में पूरी सक्रियता के साथ भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में हजारों कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा पार्टी की नीतियों और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया। पार्टी नेताओं ने सम्मेलन को संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत सफल और भविष्य की राजनीतिक तैयारियों के लिए महत्वपूर्ण बताया।
सम्मेलन का संचालन बोकारो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव और जिला सचिव मुकेश महतो ने किया। कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
