Ranchi
झारखंड में मतदाता सूची को अधिक समावेशी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से 8 और 9 अगस्त 2026 को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष मतदाता सहायता शिविर लगाए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी पात्र भारतीय नागरिकों से इस अभियान का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि इन विशेष शिविरों में नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के साथ-साथ ऐसे परिवार, जिनके सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं, वे भी आवेदन देकर अपने सभी सदस्यों का नाम एक ही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित करा सकते हैं। इससे मतदान के दौरान परिवारों को सुविधा मिलेगी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र भारतीय नागरिक फॉर्म-6 और आवश्यक घोषणा पत्र भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से इस अभियान में भाग लेने और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
निर्वाचन विभाग के अनुसार, शनिवार और रविवार को आयोजित इन विशेष शिविरों में बूथ स्तर के अधिकारी (BLO) मौजूद रहेंगे। वे मतदाता सूची से जुड़े आवेदन स्वीकार करेंगे, आवश्यक जानकारी देंगे तथा नाम जोड़ने, संशोधन कराने और स्थानांतरण संबंधी प्रक्रिया में मतदाताओं की सहायता करेंगे।
निर्वाचन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने नजदीकी मतदान केंद्र पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि नाम दर्ज नहीं है या किसी प्रकार की त्रुटि है, तो मौके पर ही आवेदन देकर उसे ठीक कराया जा सकता है। इससे आगामी चुनावों में प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेगा।
