RANCHI
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से बुधवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान राज्य में उद्योग, व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि फेडरेशन की ओर से जल्द ही एक राज्यस्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें राज्यभर के उद्योगपति, व्यापारी और उद्यमी हिस्सा लेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री से कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आग्रह भी किया गया।
बैठक में राज्य के औद्योगिक विकास, निवेश के नए अवसरों और व्यापारिक गतिविधियों को गति देने के लिए सरकार और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर भी विचार-विमर्श हुआ। प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए सरकार के सहयोग की सराहना की।
प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष आदित्य मलहोत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया एवं राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग और रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल समेत विभिन्न जिलों के चेम्बर प्रतिनिधि शामिल रहे। पलामू और गुमला चेम्बर के पदाधिकारियों ने भी बैठक में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
