अडानी ग्रुप का IANS पर पूरा कब्जा, 100% हिस्सेदारी खरीदकर बढ़ाई मीडिया में ताकत

NEW DELHI

नई दिल्ली में अडानी समूह ने समाचार एजेंसी इंडो-एशियन न्यूज सर्विस (IANS) पर अब पूरी तरह स्वामित्व हासिल कर लिया है। अडानी एंटरप्राइजेज की मीडिया इकाई AMG Media Networks Limited (AMNL) ने आईएएनएस में बची हुई 24 प्रतिशत हिस्सेदारी भी खरीद ली है। इसके साथ ही आईएएनएस अब पूरी तरह अडानी समूह के नियंत्रण में आ गई है।

अडानी एंटरप्राइजेज की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, एएमएनएल ने 21 जनवरी 2026 को शेष 24 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए शेयर खरीद समझौता किया था। हालांकि, इस सौदे की वित्तीय राशि सार्वजनिक नहीं की गई है।

गौरतलब है कि दिसंबर 2023 में अडानी समूह ने आईएएनएस में 50.50 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदकर मीडिया क्षेत्र में प्रवेश किया था। इसके बाद जनवरी 2024 में 5 करोड़ रुपये के नए शेयर खरीदकर कंपनी ने अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 76 प्रतिशत कर ली थी। अब शेष 24 प्रतिशत हिस्सेदारी के अधिग्रहण के बाद आईएएनएस पूरी तरह अडानी समूह के स्वामित्व में आ गई है।

माना जा रहा है कि इस अधिग्रहण से भारतीय मीडिया क्षेत्र में अडानी समूह की मौजूदगी और मजबूत होगी तथा मीडिया कारोबार में उसका निवेश और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *