Kalahandi
ओडिशा के कालाहांडी जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। जिले के मदनपुर रामपुर क्षेत्र स्थित गौड़ कारलाखुंटा गांव में निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक के अंदर दम घुटने से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को राहत देने के लिए 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।
सेप्टिक टैंक में उतरते ही बेहोश होने लगे मजदूर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांव में एक नए टॉयलेट टैंक का निर्माण कार्य चल रहा था। मंगलवार को मजदूर टैंक के अंदर सेंटरिंग का ढांचा हटाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान टैंक के भीतर मौजूद जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण एक-एक कर मजदूर बेहोश होने लगे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अंदर फंसे लोगों को बचाने के लिए कुछ अन्य लोग भी टैंक में उतरे, लेकिन वे भी जहरीली गैस की चपेट में आ गए। देखते ही देखते यह हादसा सामूहिक त्रासदी में बदल गया।
मृतकों में राजमिस्त्री, मजदूर और मकान मालिक शामिल
सूत्रों के मुताबिक, मृतकों में तीन राजमिस्त्री, एक मजदूर, मकान मालिक और उसका बेटा शामिल हैं। हादसे में घायल एक अन्य व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और प्रशासन ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। सभी पीड़ितों को बाहर निकालकर तत्काल मदनपुर रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने जताया शोक
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष (CMRF) से प्रत्येक परिवार को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जारी बयान में कहा गया कि सरकार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
जहरीली गैस से दम घुटने की आशंका, जांच शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि सेप्टिक टैंक के अंदर जहरीली गैस जमा होने के कारण दम घुटने से यह हादसा हुआ। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
