CM आवास में ग्लोबल झारखंड: UK की टॉप यूनिवर्सिटीज़ में पढ़ रहे स्कॉलर्स ने हेमंत सोरेन से की मुलाकात


मरंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा छात्रवृत्ति पर CM का विजन 2050, हर साल 25 छात्रों को मिल रहा मौका




RANCHI

कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में 17 फरवरी 2026 को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से यूनाइटेड किंगडम के विभिन्न प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत झारखंड के स्कॉलर्स ने शिष्टाचार मुलाकात की।

इस दौरान डॉ. रेजिना हांसदा (University of Edinburgh), डॉ. रिचर्ड टोप्पो (Oxford University एवं International Institute of Social Studies), सुश्री माधुरी खलखो (SOAS, UK), सुश्री रूबी हेंब्रम (London School of Economics) और सुश्री नोलीना मिंज (University of St. Andrews) ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया।

स्कॉलर्स ने कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच और शिक्षा के प्रति स्पष्ट विजन के कारण राज्य के मेधावी छात्र विदेशों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं और झारखंड का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री की विदेश यात्रा के दौरान मरंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा परदेशीय छात्रवृत्ति योजना के लाभुक छात्रों से मुलाकात एक प्रेरणादायक पहल थी, जिससे छात्रों में नई ऊर्जा का संचार हुआ।

स्कॉलर्स ने उम्मीद जताई कि वर्ष 2050 तक इस योजना के माध्यम से अधिक से अधिक झारखंडी छात्र विदेशों में उच्च शिक्षा और रिसर्च के अवसर प्राप्त करेंगे। उन्होंने आदिवासी विद्यार्थियों को पीएचडी और रिसर्च के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मरंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा के बाद आज प्रदेश के आदिवासी छात्र ऑक्सफोर्ड जैसे वैश्विक संस्थानों में पढ़ाई कर रहे हैं। सरकार की सोच है कि झारखंड के छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलें। उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रतिवर्ष 25 छात्र मरंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा परदेशीय छात्रवृत्ति योजना का लाभ उठा रहे हैं और आने वाले समय में लाभुकों की संख्या बढ़ाने के लिए सरकार प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने सभी स्कॉलर्स को शुभकामनाएं दीं और राज्य का नाम रोशन करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *