पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में बोले CM हेमंत सोरेन: गांव मजबूत होंगे तभी राज्य मजबूत होगा

Ranchi में मुख्यमंत्री Hemant Soren ने राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर खेलगांव में आयोजित मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार सह मुखिया सम्मेलन में हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के ग्रामीण प्रतिनिधियों के सम्मान में आयोजित किया गया।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि आप सभी ऐसे लोग हैं जो गांव के लोगों के सबसे करीब रहते हैं। आप सरकार के आंख, कान और नाक हैं। राज्य तभी विकास करेगा जब गांव विकास करेगा। गांव जड़ है, हमारा प्रयास है कि गांव मजबूत हो और सभी के चेहरे पर मुस्कान हो। हमारी सोच गांव से शुरू होती है और हमारी सरकार रांची से नहीं, गांव से चलने वाली सरकार है।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगी योजना, पंचायतों से सीधा संपर्क
मुख्यमंत्री ने कहा कि पदाधिकारियों को पंचायतों तक पहुंचाया गया है। आज कई ऐसे जगह हैं जहां सड़क भी नहीं है, लेकिन बैलगाड़ी से भी लोग वहां पहुंच रहे हैं। अब सरकार की नजर और योजना आखिरी व्यक्ति तक पहुंचेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार के एक हिस्से में कार्यपालिका होती है और उसका एक पूरा सिस्टम है। आपको और हमको एक साथ चलना है और सरकार की चीजों को अपनी चीज समझना है।

मजदूरों की स्थिति और विकास कार्यों पर चिंता
सीएम ने कहा कि कभी-कभी लोग सरकार की चीजों को हल्के में लेते हैं, लेकिन जो अच्छा काम करे उसे सराहना मिलनी चाहिए। आज जो भी सम्मानित हुए हैं उन्हें बधाई।

उन्होंने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था का ढांचा गांव से शुरू होता है। गांव के बिना विकास की कल्पना सही नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले लोगों को राशन कार्ड के लिए भटकना पड़ता था, लेकिन अब कोई भूख से नहीं मर रहा है।

सीएम ने मजदूरों की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि कोविड जैसे हालात में भी बिना लॉकडाउन के मजदूरों का पलायन हो रहा है। मजदूर भूख से परेशान हैं, और अगर खाना नहीं मिलेगा तो काम कैसे करेंगे।

गांव की जरूरतों में पंचायत की भूमिका अहम
उन्होंने कहा कि गांव में क्या बनना चाहिए, पुल, पुलिया या नल, यह पंचायत प्रतिनिधि सबसे बेहतर जानते हैं। गर्मी में चापानल खराब होने की शिकायतें आती हैं, इसे आपको ही देखना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक बार में जादुई छड़ी की तरह काम नहीं हो सकता। लोग मौसम के भरोसे खेती करते हैं और फिर दूसरे राज्यों में काम करने जाते हैं, लेकिन उसी खेत में बिजली उत्पादन की संभावना भी है।

अंत में उन्होंने कहा कि आप फिर से चुनाव जीतकर आएं, इसके लिए शुभकामनाएं। सरकार ऐसी व्यवस्था बना रही है कि पंचायतों से सीधा संपर्क बना रहे और बजट के उपयोग पर भी विभाग काम करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *