झारखंड की रजत जयंती पर 2 दिवसीय भव्य महोत्सव की तैयारी तेज, बिरसा मुंडा और शिबू सोरेन पर विशेष प्रदर्शनी बनेगी आकर्षण

13th November 2025

RANCHI
झारखंड अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे करने जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर राज्य सरकार ने ‘रजत जयंती वर्ष’ को भव्य और यादगार बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में आज सूचना भवन सभागार में एग्जीबिशन और इमर्सिव ज़ोन के नोडल पदाधिकारी सह कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी की अध्यक्षता में एक विशेष समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विभिन्न विभागों के नोडल पदाधिकारी उपस्थित रहे और राज्य स्थापना दिवस 2025 के अवसर पर होने वाले दो दिवसीय महोत्सव के सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

राजधानी रांची के मोराबादी मैदान में 15 और 16 नवम्बर को आयोजित होने वाले इस आयोजन में झारखंड सरकार के सभी विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां आम जनता को सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और नई पहलों की जानकारी मिलेगी।

महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण होगा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और दिशोम गुरुशिबू सोरेन की जीवनी पर आधारित विशेष प्रदर्शनी, जो झारखंड के इतिहास, आंदोलन और संघर्ष की गाथा को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेगी। इसके साथ एक इमर्सिव ज़ोन भी बनाया जाएगा, जिसमें दर्शकों को झारखंड की संस्कृति, विकास और विरासत से जुड़े विषयों पर फिल्में और इंटरैक्टिव प्रेजेंटेशन देखने को मिलेंगे।

महोत्सव के दौरान सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आम जनता के लिए सुलभ कराई जाएगी, ताकि आगंतुक घूमते हुए राज्य की प्रगति और भविष्य की दिशा को करीब से समझ सकें।

इस बैठक में पर्यटन विभाग के उपनिदेशक राजीव कुमार, सहायक निदेशक ईशा खंडेलवाल, डॉ. असीम कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

यह रजत जयंती समारोह न सिर्फ झारखंड के अतीत की गौरवगाथा को याद करेगा, बल्कि राज्य के भविष्य के विज़न को भी जनता के सामने पेश करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *