Jamshedpur
चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। मामले में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें भाजपा नेता एवं डीडी बार संचालक नीरज सिंह समेत 8 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है, जबकि हत्या का मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल ने अदालत में सरेंडर कर दिया। वहीं, मामले में शामिल 4 नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि एसआईटी तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की हर कड़ी की जांच कर रही है।
एसएसपी, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) ने लगातार छापेमारी करते हुए नीरज सिंह को राजस्थान के सीकर जिले के खाटूश्याम क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। ट्रांजिट रिमांड पर उसे जमशेदपुर लाया गया। इसके अलावा सुदर्शन मंडल उर्फ लाल्टू और राजेश मंडल को ओडिशा के रायरंगपुर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
मुख्य आरोपी पर था 2 लाख का इनाम
मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 2 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। उसकी तलाश में झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी लगातार छापेमारी की गई। पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों के साथ-साथ परिजनों से भी पूछताछ की, लेकिन वह लगातार गिरफ्त से बाहर रहा। आखिरकार पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच उसने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया।
रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ
पुलिस अब विश्वनाथ मंडल को रिमांड पर लेने की तैयारी में है। इसके लिए अदालत में आवेदन किया जाएगा। रिमांड मिलने के बाद उससे हत्या की साजिश, वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका, हथियार की व्यवस्था और घटना के पीछे की वजहों को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी।
27 जून को हुई थी हत्या
गौरतलब है कि 27 जून की रात बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर करणी सेना के युवा नेता हिमांशु सिंह की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद एसआईटी का गठन किया गया और लगातार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस का मानना है कि मुख्य आरोपी से पूछताछ के बाद इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
मंईयां सम्मान योजना: रांची की 3.66 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचे 275 करोड़ रुपये
RANCHI
झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की 3 लाख 66 हजार 664 महिला लाभुकों के बैंक खातों में अप्रैल से जून 2026 तक की तीन माह की सम्मान राशि एक साथ भेज दी गई है। आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए प्रत्येक लाभुक के खाते में 7,500 रुपये जमा किए गए।
इस भुगतान के तहत रांची जिले में कुल 274 करोड़ 99 लाख 80 हजार रुपये लाभुकों के खातों में हस्तांतरित किए गए हैं। जिले के सभी प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों के अधिकांश लाभुकों को राशि मिल चुकी है, जबकि बड़गाईं अंचल और ईटकी प्रखंड के लाभुकों का भुगतान अभी प्रक्रियाधीन है।
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की अहम पहल है। उन्होंने कहा कि इस योजना से महिलाओं को आर्थिक सहयोग मिलेगा और उनकी दैनिक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में भुगतान शेष है, वहां सभी पात्र लाभुकों के खातों में जल्द राशि भेजना सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजना का लाभ समय पर प्रत्येक पात्र महिला तक पहुंच सके।
