RANCHI
झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की 3 लाख 66 हजार 664 महिला लाभुकों के बैंक खातों में अप्रैल से जून 2026 तक की तीन माह की सम्मान राशि एक साथ भेज दी गई है। आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए प्रत्येक लाभुक के खाते में 7,500 रुपये जमा किए गए।
इस भुगतान के तहत रांची जिले में कुल 274 करोड़ 99 लाख 80 हजार रुपये लाभुकों के खातों में हस्तांतरित किए गए हैं। जिले के सभी प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों के अधिकांश लाभुकों को राशि मिल चुकी है, जबकि बड़गाईं अंचल और ईटकी प्रखंड के लाभुकों का भुगतान अभी प्रक्रियाधीन है।
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की अहम पहल है। उन्होंने कहा कि इस योजना से महिलाओं को आर्थिक सहयोग मिलेगा और उनकी दैनिक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में भुगतान शेष है, वहां सभी पात्र लाभुकों के खातों में जल्द राशि भेजना सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजना का लाभ समय पर प्रत्येक पात्र महिला तक पहुंच सके।
